शनिवार, 25 फ़रवरी 2023

आशा भोंसले लाइव कंसर्ट में जा पाना एक ख़्वाब पूरा होने जैसा ...

लिखने का यह आलम है कि सवा-डेढ़ महीने बाद ब्लॉग पर लौटा हूं आज ...वह भी इसलिए कि बात ही कुछ ऐसी है जिसे लिखे बिना, जिसे दर्ज किए बिना रहा नहीं जाएगा...कल शाम आशा भोंसले लाइव कंसर्ट में जा पाने की खुशकिस्मती रही ...इसलिए सोचा कि कुछ तो लिख कर महफ़ूज़ कर लूं....ये मौके ज़िंदगी में बार बार नहीं आते ...इन लम्हों को बार बार जीने के लिए ज़रूरी है इन्हें सहेज कर रखा जाए और दूसरी अहम बात यह कि आशा भोंसले को देख कर ही जो  मुंबई के भव्य एवं शानदार णमुखानंद हाल में बैठे लोगों का था वह भी पाठकों तक पहुंचाना ज़रूरी लगा, इसलिए लिखने बैठ गया...

सब से पहले तो आते ही आशा जी ने अपने बचपन की यादों का साझा किया, दीदी से जुड़ी अपनी ढ़ेरों यादों के पिटारे को खोला और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की...

आशा जी ने बताया कि उन का जन्म १९३३ का है, वह अब ९० बरस की हो गई हैं....अपने दौर की एक तरह से लॉस्ट मुगल हैं ...वह यह कहते हुए भावुक हो गईं कि उस दौर का कोई भी तो नहीं रहा...न एक्टर, न डायरेक्टर, न म्यूज़िक डॉयरेक्टर और न ही प्लेबैक सिंगर ...इसलिए अब वे बहुत अकेली हो गई हैं...ऐसा सुन के पब्लिक कहां चुप रहने वाली थी...सब ने एक सुर में कहा कि हम हैं न आप के साथ ....वह खुश हो गईं और कहने लगीं कि आप सब लोग साथ हो इसलिए तो ९० बरस की उम्र में भी चल रही हूं ...उन्होंने वह गीत भी गाया...बिछड़े सभी बारी बारी ...

उन्होंने अपने बचपन की मीठी यादों के समंदर में दर्शकों को भी डुबकी लगवाई...किस तरह से आठ बरस की उम्र में अपने से चार साल बड़ी लता दीदी के साथ मलाड़ में बॉम्बे-टाकीज़ में लता दीदी की पहली रिकार्डिंग के लिए वह उन के साथ गईं...यह उन दिनों की बात है जब मलाड जाने के लिए किसी मोटर-गाड़ी पर जाने का रास्ता ही नहीं था, बता रही थीं कि वहां जाने के लिए फिल्मी दुनिया के बड़े से बड़े लोग सब लोग लोकल ट्रेन में ही सफर किया करते थे...वहां पर जब एक बहुत खूबसूरत लड़की को देखा तो दीदी से पूछा कि यह कौन है, तो पता चला कि वह मधुबाला हैं...मधुबाला के अच्छे स्वभाव एवं उन की दिलकश मुस्कुराहट एवं हंसी के बारे मेंं और सारे यूनिट के लोगों से साथ उन के अच्छे व्यवहार के बारे में भी उन्होंने बताया...

याद कर रही थीं कि जब दीदी ने मधुबाला के लिए वह गीत गाया आएगा ...आएगा आने वाला....आएगा आने वाला ...उस के बाद तो लता दीदी का बहुत नाम हो गया...



https://youtu.be/WZm5R8Cy5o8